भोपाल। राजधानी के ऐशबाग इलाके में कल शनिवार से बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी है। यहां जर्जर हो चुके करीब 600 क्वार्टरों को हटाया जाना है, जिसके चलते सैकड़ों परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। कार्रवाई के डर के बीच इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
रहवासियों में 110 ऐसे परिवार भी शामिल हैं, जिनका दावा है कि उनके पास मकान के वैध दस्तावेज हैं और घर उनके नाम पर दर्ज हैं। इसके बावजूद उन्हें हटाए जाने की स्थिति बन गई है और सरकार की ओर से उनके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। इन परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और अचानक घर छोड़ने के लिए कहा जाना उनके साथ अन्याय है।
रहवासियों की मांग है कि कार्रवाई से पहले उन्हें दूसरा घर या रहने की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि पुनर्वास सुनिश्चित होने के बाद ही अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोग सड़क पर आने को मजबूर न हों।
अवैध बताए जा रहे क्वार्टरों में रहने वालों की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है। यहां कई ऐसी महिलाएं हैं, जो पिछले 30 सालों से अकेले गुजर-बसर कर रही हैं और जिनका कोई सहारा नहीं है। इन महिलाओं का कहना है कि उम्र के इस पड़ाव पर वे कहां जाएंगी, यह उन्हें समझ नहीं आ रहा। उनके सामने सिर छिपाने की जगह का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
इस बीच कार्रवाई के डर के बीच पांच महिलाओं के जहर खाने की खबर भी सामने आई है। इस घटना ने इलाके में चिंता और बढ़ा दी है। रहवासियों का कहना है कि लोग मानसिक तनाव में हैं और डर के साए में जी रहे हैं। जिसके बाद 2 महिलाओं की अभी भी स्थिति गंभीर बनी हुई है 3 महिलाओं की अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।
एक तरफ प्रशासन अवैध कब्जों को हटाने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ सैकड़ों परिवार अपने भविष्य को लेकर आशंकित हैं। अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि कार्रवाई से पहले सरकार और प्रशासन प्रभावितों के पुनर्वास को लेकर क्या रुख अपनाते हैं।