छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अपनी नई कार्यशैली और विस्तारित जिम्मेदारियों के साथ नई पहचान हासिल कर ली है। नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंडल के नए लोगो का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि अब यह संस्था केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश के अधोसंरचना विकास कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लोगो डिजाइन करने वाले को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नए लोगो के डिजाइनर अंशुल कश्यप को मुख्यमंत्री ने 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया लोगो मंडल की नई सोच, नई दिशा और विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
आवास मेले के विजेताओं को मिले पुरस्कार
वर्ष 2025 में आयोजित आवास मेले के दौरान मकान बुक कराने वाले हितग्राहियों के लिए निकाले गए लकी ड्रा के विजेताओं को कार, स्कूटी, एलईडी टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ ने प्रथम पुरस्कार के रूप में कार अपने नाम की।
वित्तीय स्थिति हुई मजबूत
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7 हजार से अधिक परिसंपत्तियों की बिक्री कर लगभग 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व अर्जित किया है। इससे मंडल की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और अब वह बड़े स्तर की अधोसंरचना परियोजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए सक्षम बन गया है।
सरकारी योजनाओं का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल की पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी थी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और बिजली बिल भुगतान समाधान जैसी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पूंजीगत विकास कार्यों को मिलेगी गति
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश में पूंजीगत विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में नई आवासीय योजनाएं पर्याप्त बुकिंग के बाद ही शुरू की जाएंगी, जिससे वित्तीय अनुशासन और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
मांग आधारित परियोजनाओं पर रहेगा जोर
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि संस्था अब मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं को प्राथमिकता देगी। बेहतर वित्तीय प्रबंधन और आधुनिक कार्यप्रणाली के जरिए मंडल प्रदेश के विकास में प्रभावी योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।