होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत... और माफियाओं पर एक्शन! 3 जेसीबी समेत 6 वाहन जब्त

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत... और माफियाओं पर एक्शन! 3 जेसीबी समेत 6 वाहन जब्त

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन और परिवहन में इस्तेमाल हो रहे छह वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने की।

अवैध उत्खनन में लगी तीन जेसीबी जब्त

खनिज विभाग को देवराजपारा-सधवानी और बंधी-बचरवार क्षेत्र में मुरूम एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान देवराजपारा-सधवानी से दो जेसीबी और बंधी-बचरवार क्षेत्र से एक जेसीबी मशीन अवैध खनन में संलिप्त पाई गई, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

रेत के अवैध परिवहन में तीन ट्रैक्टर भी पकड़े गए

इसी दौरान सिलपहरी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने तीन ट्रैक्टरों को भी जब्त किया। सभी जब्त वाहन फिलहाल पुलिस लाइन अमरपुर में सुरक्षित रखे गए हैं और उनके खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर हुई कार्रवाई

प्रशासन के अनुसार सधवानी गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और कलेक्टर कार्यालय में अवैध खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग को तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

अवैध खनन पर रहेगा सख्त नियंत्रण

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन या खनिजों के अवैध भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासन के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

कानूनी कार्रवाई जारी

खनिज विभाग ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड और अन्य निर्धारित राशि जमा करने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे, नगर सैनिक सतीश साहू तथा जिला खनिज उड़नदस्ता दल के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।


संबंधित समाचार