रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद का चुनाव अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद एक उम्मीदवार का आवेदन निरस्त कर दिया गया, जिसके बाद अब 17 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं। हालांकि कई चेहरे अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं, लेकिन राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा शैलेंद्र बंजारे और सत्येंद्र चेलक के बीच संभावित मुकाबले को लेकर हो रही है।
आर्य भगत का नामांकन खारिज
चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के पुत्र आर्य भगत का नामांकन आयु संबंधी पात्रता पूरी नहीं होने के कारण रद्द कर दिया गया। चुनावी नियमों के अनुसार केवल वर्ष 1990 या उसके बाद जन्मे उम्मीदवार ही अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं। नामांकन निरस्त होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए कुल 17 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
शैलेंद्र बंजारे की दावेदारी क्यों मानी जा रही मजबूत?
बलौदाबाजार जिले के रसेड़ा गांव निवासी शैलेंद्र बंजारे वर्ष 2022 से युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वर्ष 2025 में वे जिला पंचायत सदस्य भी निर्वाचित हुए। छात्र राजनीति में भी उनका लंबा अनुभव रहा है और वे एनएसयूआई में कॉलेज अध्यक्ष से लेकर प्रदेश सचिव तक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
बलौदाबाजार आगजनी मामले के दौरान कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव के साथ जेल जाने के बाद उनकी पहचान प्रदेश स्तर पर और मजबूत हुई। संगठन में सक्रिय भूमिका और लगातार राजनीतिक गतिविधियों के चलते उन्हें अध्यक्ष पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि उन्हें प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, विधायक रुद्र गुरु और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव के समर्थक नेताओं का समर्थन मिल रहा है।
सत्येंद्र चेलक को इन नेताओं का समर्थन मिलने की चर्चा
दूसरी ओर सत्येंद्र चेलक को कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व के करीबी चेहरों में गिना जाता है। राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का समर्थन मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन्हीं चर्चाओं ने चुनाव को और अधिक दिलचस्प बना दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह चुनाव केवल युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का चयन नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर विभिन्न राजनीतिक समूहों के प्रभाव की भी परीक्षा माना जा रहा है।
ऑनलाइन मतदान से होगा फैसला
युवा कांग्रेस संगठन में प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, जिला अध्यक्ष और अन्य पदों के लिए भी ऑनलाइन मतदान कराया जा रहा है। अंतिम परिणाम कार्यकर्ताओं के मतों के आधार पर घोषित होंगे।
सूत्रों के मुताबिक रेफरल अंकों के आधार पर शैलेंद्र बंजारे को शुरुआती बढ़त मिलने की चर्चा है। हालांकि वास्तविक स्थिति चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगी।