होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर, जांजगीर-चांपा में 4 लोगों की मौत; 3 घायल, बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर, जांजगीर-चांपा में 4 लोगों की मौत; 3 घायल, बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर एक बार फिर दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, कबीरधाम, राजनांदगांव और बीजापुर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है। इसी बीच जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से चार ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए गए हैं। इनमें से तीन मौतें बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में हुईं, जबकि एक अन्य व्यक्ति की जान अकलतरा थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से गई।

महुदा गांव में झोपड़ी पर गिरी बिजली

जानकारी के मुताबिक, बलौदा क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार शाम कुछ ग्रामीण बाड़ी में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए ग्रामीण पास की झोपड़ी में चले गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) को मृत घोषित कर दिया गया। इस हादसे में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है।

अकलतरा में भी बिजली गिरने से मौत

वहीं, अकलतरा थाना क्षेत्र में CCI प्लांट के समीप भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई। यहां ग्रामीण दूज राम जाटवार (55) की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इस तरह जिले में बिजली गिरने से कुल चार लोगों की जान चली गई।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शहर के कुछ हिस्सों में एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

22 सितंबर से प्रदेश में बढ़ सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर अंडमान सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के साथ इसके मजबूत होने का अनुमान है। पूर्वानुमान के अनुसार यह सिस्टम 21 सितंबर के आसपास अवदाब और इसके बाद 22 सितंबर को गहरे अवदाब में तब्दील हो सकता है। इसके प्रभाव से 22 सितंबर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है।

आकाशीय बिजली से बचाव जरूरी

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे या कमजोर निर्माण वाली जगहों पर खड़े होने से बचना चाहिए। तेज हवा के दौरान भी सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।


संबंधित समाचार