होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

पिकअप में कटहल के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 125 किलो गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

पिकअप में कटहल के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 125 किलो गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो कटहल की आड़ में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर रहे थे।

कटहल के नीचे छिपा था 125 किलो गांजा

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में संदिग्ध सामान के साथ गांजा ले जाया जा रहा है। वाहन को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें लदे कटहल के नीचे चार बोरियां छिपी मिलीं। जांच करने पर उनमें से कुल 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए गांजे को कटहल की आड़ में छिपाया था, लेकिन उनकी यह चालाकी काम नहीं आई और पुलिस ने मौके पर ही दोनों को पकड़ लिया।

ओडिशा से प्रयागराज तक जा रही थी खेप

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से लोड किया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, यूपी के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेंद्र कुमार गौतम और लवकुश गौतम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

करोड़ों की संपत्ति जब्त

पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 62 लाख 85 हजार रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 70 लाख 93 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। 





 


संबंधित समाचार