होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Panna News: सिरदर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची बच्ची के सिर से निकाली गोली

Panna News: सिरदर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची बच्ची के सिर से निकाली गोली

Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक ऐसा हैरतअंगेज कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर खुद डॉक्टर और पुलिस प्रशासन भी दंग हैं। पन्ना जिले के सिमरिया इलाके में रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी के सिर में बीते कुछ दिनों से असहनीय दर्द हो रहा था। परिजन उसे सामान्य बीमारी समझकर अस्पताल ले गए, लेकिन जब डॉक्टरों ने घाव को साफ किया तो उनके होश उड़ गए। लड़की की खोपड़ी के चमड़े को भेदकर 1 इंच लंबी बंदूक की चली हुई गोली अंदर फंसी हुई थी। दमोह जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने गजब की सूझबूझ दिखाते हुए बिना किसी बड़े ऑपरेशन के इस गोली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मासूम लड़की को खुद पता नहीं चला कि उसे कब और कैसे गोली लगी।

अस्पताल में हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार पूरा मामला पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम बनौली का है। यहां रहने वाली 17 वर्षीय सपना (बदला हुआ नाम) को अचानक सिर में तेज दर्द शुरू हुआ। दर्द बढ़ता देख उसकी बुआ उसे गांव के ही एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले गईं। उस डॉक्टर ने सामान्य चोट समझकर सिर पर पट्टी बांधी और दर्द निवारक दवाएं देकर घर भेज दिया। दवाओं के बावजूद जब सपना का सिरदर्द ठीक नहीं हुआ और तड़प बढ़ गई, तो उसकी बुआ उसे लेकर तत्काल पड़ोसी जिले दमोह के जिला अस्पताल पहुंचीं। यहाँ इमरजेंसी वार्ड में तैनात मेडिकल स्टाफ ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया।

बिना ऑपरेशन के 1 इंच की गोली बाहर

दमोह जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टरों ने जब लड़की के सिर की पट्टी हटाकर जांच की, तो उन्हें कुछ संदिग्ध महसूस हुआ। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिषेक त्रिपाठी ने जब दर्द वाले हिस्से को बारीकी से देखा, तो वहां गहरा घाव नजर आया। उन्होंने स्टाफ की मदद से जब उस हिस्से को पूरी तरह साफ किया, तो खोपड़ी के बीच एक धातु की चीज फंसी दिखी। डॉक्टरों ने बिना वक्त गंवाए और ने बिना किसी ऑपरेशन के, सावधानी से महज कुछ ही मिनटों में सिर के अंदर धंसी 1 इंच लंबी चली हुई गोली को खींचकर बाहर निकाल दिया।

दो जिलों की पुलिस हैरान

इस मामले का सबसे बड़ा रहस्य यह है कि पीड़िता को गोली लगने का अहसास तक नहीं हुआ। डॉक्टरों के मुताबिक कारतूस की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं दूर हर्ष फायरिंग या विवाद के दौरान गोली चलाई गई होगी, जो किसी पेड़, दीवार या अन्य वस्तु से टकराने के बाद अपनी गति खो चुकी थी। गति बेहद कम होने के कारण वह सपना के सिर की हड्डी को बिना तोड़े सिर्फ ऊपरी हिस्से में जाकर धंस गई, जिससे उसे तत्काल तेज झटका तो लगा होगा पर वह समझ नहीं पाई।

कानूनी कार्रवाई

अस्पताल प्रबंधन की सूचना के बाद अब दमोह और पन्ना दोनों जिलों की पुलिस टीमें एक्टिव हो गई हैं। सिमरिया थाना पुलिस इस बात की बारीकी से तफ्तीश कर रही है कि ग्राम बनौली या उसके आसपास हाल ही में कहां अवैध हथियार चले थे या फायरिंग की घटना हुई थी।


संबंधित समाचार