MP BJP Rajya Sabha Election: मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल और तरुण चुघ ने शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान प्रदेश की राजनीति का माहौल पूरी तरह सक्रिय नजर आया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
रजनीश अग्रवाल का बयान
नामांकन से पहले रजनीश अग्रवाल ने कहा कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और भाजपा ने उन्हें जो अवसर दिया है, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा- “मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं। पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगा और विकसित भारत के सपने को साकार करने में पूरी ताकत से काम करूंगा।”
तरुण चुघ ने जताया आभार
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने का निर्णय पार्टी का आशीर्वाद है और वे संगठन की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
सीएम मोहन यादव का बयान
नामांकन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दोनों प्रत्याशियों ने आज अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और मध्य प्रदेश संगठन के स्तर पर मजबूत राज्यों में शामिल है। सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है।
पारिवारिक आशीर्वाद के साथ नामांकन
नामांकन से पहले रजनीश अग्रवाल के घर में पारिवारिक माहौल भावुक रहा। उनकी पत्नी ने तिलक लगाकर और आरती उतारकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूजा-अर्चना के बाद वे नामांकन के लिए रवाना हुए।
आगे की प्रक्रिया
मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 18 जून को आयोजित किया जाएगा। राजनीतिक दलों में इस चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
कांग्रेस का नामांकन कल
इसके अलावा कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन 8 जून को नामांकन दाखिल कर सकती हैं, जिससे मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।