होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का नंबर-1 पुलिस थाना, गृह मंत्रालय ने दिया राष्ट्रीय सम्मान

बोधघाट थाना बना छत्तीसगढ़ का नंबर-1 पुलिस थाना, गृह मंत्रालय ने दिया राष्ट्रीय सम्मान

जगदलपुर। बस्तर जिले के लिए गर्व की बात है कि जगदलपुर का बोधघाट थाना वर्ष 2025 की वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। यह सम्मान भारत सरकार के केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी रैंकिंग के आधार पर दिया गया है। खास बात यह है कि बस्तर पुलिस के इतिहास में पहली बार किसी थाना को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल हुई है। यह उपलब्धि केवल बोधघाट थाना ही नहीं, बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए सम्मान और गौरव का विषय मानी जा रही है।

गृह मंत्रालय के मूल्यांकन में शानदार प्रदर्शन

गृह मंत्रालय हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का विस्तृत मूल्यांकन करता है। इस प्रक्रिया में अपराध नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, नागरिकों के प्रति व्यवहार, पुलिस अधोसंरचना, नवाचार, रिकॉर्ड संधारण और समग्र कार्यप्रणाली जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों को शामिल किया जाता है। इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोधघाट थाना ने राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया।

सीएसपी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

सीएसपी सुमीत कुमार धोत्रे ने बताया कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ पुलिस और विशेष रूप से बस्तर पुलिस के लिए ऐतिहासिक है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी वर्ष 2025 की पुलिस थाना रैंकिंग में बोधघाट थाना को राज्य का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिसकर्मियों की मेहनत, अनुशासित कार्यप्रणाली और जनता के सहयोग का परिणाम है।

सम्मान समारोह में अधिकारियों को सौंपा गया प्रशस्ति-पत्र

राष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र और सम्मान तत्कालीन बस्तर आईजी सुंदरराज पी. तथा वर्तमान आईजी बद्रीनारायण मीना ने प्रदान किया। यह सम्मान तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौड़ एवं वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक तामेश्वर चौहान को सौंपा गया। कार्यक्रम में एसपी शलभ कुमार सिन्हा, एएसपी महेश्वर नाग, तत्कालीन सीएसपी आकाश श्रीमाल और वर्तमान सीएसपी सुमीत कुमार धोत्रे सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

बस्तर पुलिस के लिए नई पहचान

बोधघाट थाना को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान दर्शाता है कि आधुनिक पुलिसिंग, बेहतर अनुसंधान, पारदर्शी कार्यशैली और नागरिकों के साथ सकारात्मक संवाद के माध्यम से पुलिस व्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव संभव है। यह उपलब्धि भविष्य में प्रदेश के अन्य पुलिस थानों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


संबंधित समाचार