Bhopal LPG Black Marketing: राजधानी भोपाल में घरेलू एलपीजी गैस की कालाबाजारी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की टीम ने इंडियन ऑयल (IOC) के डिपो से गैस एजेंसी के गोदाम जा रहे एक ट्रक को पकड़कर गैस चोरी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि गैस माफिया बिना सील तोड़े हर सिलेंडर से डेढ़ से दो किलो गैस उड़ा रहे थे।
20 किलोमीटर का सफर और 13 घंटे का सस्पेंस
यह पूरा मामला तब संदिग्ध लगा जब डिपो से निकली सैनी गैस एजेंसी की गाड़ी अपने निर्धारित समय पर गोदाम नहीं पहुंची। डिपो से एजेंसी के गोदाम के बीच की दूरी मात्र 20 किलोमीटर है, जिसे तय करने में ट्रक को 13 घंटे लग गए। ट्रक की लोकेशन और समय में अंतर देख खाद्य विभाग की टीम ने घेराबंदी की और ट्रक को बीच रास्ते में ही रुकवा लिया।
जब खाद्य विभाग के अधिकारियों ने ट्रक में लदे 350 सिलेंडरों की जांच की, तो वे भी दंग रह गए। गैस माफिया ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर बिना सिलेंडर की सील को नुकसान पहुंचाए गैस निकाल ली थी। जब एक-एक सिलेंडर का कांटा किया गया, तो करीब 40 सिलेंडरों में वजन कम पाया गया। हर सिलेंडर से करीब 1.5 से 2.5 किलो तक गैस गायब थी।
रडार पर ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर
खाद्य विभाग के अनुसार, यह चोरी डिपो से गोदाम के बीच के रास्ते में की गई है। इस मामले में ग्वालियर के 'श्री बालाजी ट्रांसपोर्टर' की गाड़ी शामिल पाई गई है। विभाग ने ट्रांसपोर्टर को तलब किया है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस खेल में डिपो के कर्मचारियों और ट्रांसपोर्टर की मिलीभगत हो सकती है।