छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लिफ्ट खराब होने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को रजबंधा मैदान स्थित एक निजी कॉम्प्लेक्स में तकनीकी खराबी के कारण बीजेपी प्रवक्ता अमित चिमनानी समेत सात लोग लिफ्ट में फंस गए। करीब 15 मिनट तक सभी लोग अंदर ही बंद रहे, जिसके बाद सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकाला।
अचानक बंद हुई लिफ्ट, अंदर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार अमित चिमनानी अन्य लोगों के साथ लिफ्ट के जरिए ऊपर जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई। अंदर मौजूद लोगों ने अलार्म और मोबाइल फोन के जरिए मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन तुरंत कोई तकनीकी सहायता नहीं मिल सकी। बाद में कॉम्प्लेक्स के सुरक्षा गार्ड और स्टाफ ने काफी प्रयास के बाद लिफ्ट का दरवाजा खुलवाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
अमित चिमनानी ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद बीजेपी प्रवक्ता अमित चिमनानी ने वीडियो जारी कर कॉम्प्लेक्स प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस इमारत में पहले भी कई बार लिफ्ट खराब होने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं और कई लोग फंस चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
रायपुर में हाल के दिनों में लिफ्ट खराब होने की घटनाएं लगातार चर्चा में रही हैं। कुछ समय पहले करेंसी टॉवर में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और एसीएस ऋचा शर्मा भी लिफ्ट में फंस गई थीं। वह सुबह जिम जाने के दौरान करीब 10 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं। उस घटना के बाद जिला प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए थे।
सुरक्षा मानकों पर फिर उठे सवाल
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद शहर के बड़े कॉम्प्लेक्स और व्यावसायिक इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोग नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों के पालन की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।