होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बदहाल सड़कों पर फूटा गुस्सा, मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव; बोले- 'सड़कें देखकर मैं खुद शर्मिंदा हूं'

बदहाल सड़कों पर फूटा गुस्सा, मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव; बोले- 'सड़कें देखकर मैं खुद शर्मिंदा हूं'

अंबिकापुर। शहर की खराब सड़कों और बारिश के दौरान बढ़ रही लोगों की परेशानी को लेकर सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और निर्माण कार्य शुरू करने की मांग रखी।

बारिश के बीच हुए प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि शहर की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से खराब हालत में हैं। जगह-जगह गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों और आम लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के बीच बंगले के बाहर प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सड़क की समस्या को लेकर लगातार ध्यान दिलाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। बारिश के मौसम में सड़कों की हालत और खराब हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठनों के लोग मंत्री के सरकारी आवास के बाहर पहुंचे और तत्काल सड़क सुधार की मांग की।

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही अंबिकापुर पहुंचे मंत्री

घेराव के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में मौजूद नहीं थे। वे सूरजपुर में थे। जैसे ही उन्हें अपने सरकारी बंगले के बाहर प्रदर्शन की जानकारी मिली, वे अंबिकापुर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सीधे मुलाकात की।

मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं और शहर की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत को लेकर जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश के थमने का इंतजार किया जा रहा है। मौसम अनुकूल होते ही सड़क निर्माण और मरम्मत के काम में तेजी लाने की बात कही गई।

‘सड़कों की हालत देखकर मैं खुद शर्मिंदा हूं’

मंत्री राजेश अग्रवाल ने शहर की सड़कों की मौजूदा स्थिति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे खुद सड़कों की हालत से शर्मिंदा हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में शहर की सड़कों की स्थिति में बदलाव देखने को मिलेगा और लोगों को परेशानी से राहत दिलाने के लिए काम किया जाएगा। मंत्री के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

प्रदर्शनकारियों को खिलाए लड्डू और आलू चाप

मुलाकात के दौरान मंत्री ने प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों के साथ बातचीत भी की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को चाय-पानी के साथ लड्डू और आलू चाप खिलाया तथा अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने के लिए उनका धन्यवाद किया।मंत्री के आश्वासन के बाद फिलहाल प्रदर्शन समाप्त हो गया है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि बारिश के बाद शहर की सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम कितनी तेजी से शुरू होता है।


संबंधित समाचार