उज्जैन : -- सिंहस्थ की तैयारियों और सड़क चौड़ीकरण को लेकर बेगमबाग क्षेत्र में एक बार फिर प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। शनिवार को एक दर्जन से अधिक मकानों पर एक साथ बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस का अमला मौके पर मौजूद रहे ।
लीज निरस्त होने के बाद लिया गया एक्शन
बताया जा रहा है कि संबंधित मकानों की लीज निरस्त किए जाने के बाद यह कार्रवाई उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा की गई। इतना ही नहीं विकास प्राधिकरण द्वारा मकान मालिकों को पूर्व में नोटिस भी जारी किए जा चुके थे। न्यायालय से स्टे हटने के बाद प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई तेज की ।
सड़क चौड़ीकरण का काम किया जाएगा
इससे पहले भी बेगमबाग क्षेत्र में करीब 72 मकानों को हटाने की कार्रवाई प्राधिकरण द्वारा की जा चुकी है। अब शेष चिन्हित मकानों को हटाकर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण का काम किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को बनाया जाएगा सुगम
प्रशासनिक योजना के अनुसार हरिफाटक क्षेत्र की चौथी भुजा का निर्माण किया जाना है। मकानों के हटने के बाद यहां नई सड़क का निर्माण और मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। सिंहस्थ को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए इस मार्ग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।