राजेश दीक्षित, पांढुर्णा: मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले से एक बेहद खौफनाक और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के कारघाट कामठी गांव में शनिवार को एक आंगनवाड़ी केंद्र से वितरित किए गए पोषण आहार के पैकेट में सांप का मृत बच्चा मिलने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यह दूषित पैकेट गांव की ही एक गर्भवती महिला को पोषण के लिए दिया गया था। गनीमत यह रही कि महिला ने समय रहते पैकेट के भीतर मौजूद लड्डुओं का सेवन नहीं किया, जिससे एक बहुत बड़ा और जानलेवा हादसा होते-होते टल गया। इस घटना के बाद से पूरे अंचल के ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
पैकेट खोलते ही, खिसकी जमीन
जानकारी के अनुसार कारघाट कामठी की निवासी गर्भवती महिला वच्छला बाई धुर्वे शनिवार सुबह अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र से पोषण आहार योजना के तहत मिलने वाले विशेष लड्डुओं का पैकेट लेकर घर आई थीं। जब घर के सदस्यों ने गर्भवती महिला को खिलाने के लिए पैकेट को काटा, तो लड्डुओं के बीच सांप की प्रजाति का एक छोटा मृत बच्चा रेंगती हुई अवस्था में मरा हुआ दिखाई दिया। परिजनों ने बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम पंचायत को दी।
प्रशासन ने जब्त किया सैंपल
मामले की संवेदनशीलता और नवजात व मां की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा होने के कारण प्रशासनिक अमला तुरंत एक्शन में आ गया। खबर मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी उषा पंदरे, नंदनवाड़ी क्षेत्र के नायब तहसीलदार और नंदनवाड़ी थाना पुलिस बल के साथ तत्काल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने मौका मुआयना करते हुए उस दूषित पैकेट और मृत जीव को अपने कब्जे में लिया और मौके पर ही पंचनामा तैयार किया।
जांच के घेरे में सप्लाई चेन
महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि इस बेहद गंभीर लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है। परियोजना अधिकारी के मुताबिक, पोषण आहार के उस विशिष्ट बैच का सैंपल पूरी तरह सुरक्षित रख लिया गया है। अब इस बात की गहन कड़ियों की जांच की जा रही है कि यह मृत जीव पैकेट पैकेजिंग के दौरान, मैन्युफैक्चरिंग प्लांट (फैक्ट्री स्तर) पर या फिर आंगनवाड़ी केंद्र के भंडारण के दौरान भीतर पहुंचा। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि लैबोरेट्री जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।