सिवनी : मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिसकर्मी खुलेआम वर्दी पहनकर गुंडागर्दी कर रहे है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जहां वायरल हो रहा है। तो वही दूसरी तरफ मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए तत्काल प्रभाव से ASP और SDOP समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए है। साथ ही मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए है।
मामला 13 नवंबर का
दरअसल, मामला 13 नवंबर का है। जहां शहर के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में ASP दीपक मिश्रा और SDOP चंचलेश मरकाम समेत छह पुलिस कर्मी पहुंचे और होटल में मौजूद एक कपल के बैग में गांजा रखकर उसे NDPS एक्ट में फंसाने की धमकी दी। जिसका वीडियो मौके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया।
25 हजार रुपये मांगने का आरोप
इधर, मामले में होटल संचालक संजय सनोडिया ने बड़ा खुलासा करते हुए पुलिस कर्मियों पर हर महीने 25 हजार रुपये मांगने के गंभीर आरोप लगाए है। जिसमे कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय बघेल का नाम शामिल है। इतना ही नहीं होटल संचालक ने दावा किया कि उन्होंने स्थानीय पत्रकार के सामने टीआई और एसडीओपी को 10-10 हजार रुपये भी दिए थे।
मांग के मुताबिक नहीं दी गई रकम
संजय सनोडिया का आरोप है कि मांग के मुताबिक रकम नहीं देने पर तीनों अधिकारी एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा के साथ होटल पहुंचे। यहां उनके साथ मारपीट की गई और एक कपल को पकड़कर गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
होटल संचालक ने किया घटना का वीडियो वायरल
होटल संचालक ने ही कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष और विभागीय कार्रवाई सामने आना बाकी है।
वर्दी में किसी भी तरह का कदाचार स्वीकार्य नहीं
इधर, मामले की गंभीरता को देखतें हए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ काम करने की अपेक्षा है। वर्दी में किसी भी तरह का कदाचार स्वीकार्य नहीं है।