जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 112 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी को बाद में पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस की घेराबंदी में फंसे तस्कर
जानकारी के अनुसार, लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए दिल्ली ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया, लेकिन तेज रफ्तार के चलते आरोपी भागने में सफल हो गए। इसके बाद पत्थलगांव थाना पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए पुरानी बस्ती क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध कार को पकड़ लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक बाद में पकड़ा गया
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 112 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी संजीव कुमार और पुणे निवासी विजय पंडित के रूप में हुई है। घटना के दौरान एक आरोपी फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने पत्थलगांव शहर से गिरफ्तार कर लिया।
गांजा और वाहन जब्त, जांच जारी
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली में सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 112 किलो गांजा और इस्तेमाल की जा रही कार जब्त कर ली है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।