मुरैना : मध्य प्रदेश के मुरैना में गुरुवार दोपहर पानी में डूबने से 2 मासूम बच्चो की मौत हो गई। दोनों बच्चे पत्थर खदान के गड्ढे में भरे पानी में नहाने के लिए गए थे । लेकिन गहराई ज्यादा होने के चलते उनकी पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना जिले के जौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझरा गांव की है।
गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके बच्चे
बताया जा रहा है कि तीन नाबालिक बच्चे साइकिल से घूमने निकले थे। इस दौरान वो घूमते घूमते पत्थर खदान तक पहुंच गए और पानी में नहाने के लिए उतर गए। लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने के चलते वे पानी में डूबने लगे। ऐसे में तीसरा बच्चा तुरंत आस पास के लोगों को मदद के लिए बुलाने गया। लेकिन जब तक वो पहुंचा तब तक देर हो चुकी थी।
परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही जौरा थाना पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन अभी तक दोनों की बॉडी नहीं मिली है। वही इस घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मृतक बच्चों की पहचान
मृतकों की पहचान मझरा गांव निवासी विकास (15) पुत्र कैलाश आदिवासी और सुनील (16) पुत्र राजेश आदिवासी के रूप में हुई है।