नेपानगर। वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा गुरुवार को मध्य प्रदेश के नेपानगर पहुंची। यहां स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद नेपानगर ऑडिटोरियम में सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से यात्रा में शामिल सदस्यों से बातचीत की।
आम लोगों से अनुभवों और प्रतिक्रियाओं की ली जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा सेवा भावना को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने और जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ने का माध्यम बन रही है। उन्होंने यात्रा के दौरान आम लोगों से मिले अनुभवों और उनकी प्रतिक्रियाओं के बारे में भी जानकारी ली।
सीएम मोहन कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअल रूप से जुड़े। साथ ही बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक मंजू दादू, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज माने, कलेक्टर हर्ष सिंह और एसपी आशुतोष बागरी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हितग्राही भी मौजूद रहे।
250 बाइक पर करीब 500 सेवा यात्री शामिल
आयोजकों के मुताबिक, 17 सितंबर से शुरू हुई यात्रा में 250 बाइक पर करीब 500 सेवा यात्री शामिल हैं। अलग-अलग राज्यों से आए युवा यात्रा के दौरान गांवों और कस्बों में जनसंवाद, पौधारोपण और श्रमदान जैसी गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।
यात्रा का उद्देश्य
यात्रा का उद्देश्य सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाना है। इसके साथ प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और उपलब्धियों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने वाले वाहन भी यात्रा का हिस्सा हैं। नेपानगर के बाद यात्रा महाराष्ट्र की ओर रवाना होगी