भोपाल : मध्य प्रदेश को प्रदूषण मुक्त करें के लिए प्रदेश में सरकार इलेक्ट्रि बसों का संचालन शुरू करने जा रही है। जिसको लेकर बसों का ट्रायल रन आज से शुरू कर दिया गया है। तीन अलग-अलग रूटों पर चलने वाली इस इलेक्ट्रॉनिक बस की जांच अगले 5 दिनों तक की जाएगी।
तीन रूटों पर हो रहा ट्रायल
ट्रायल के दौरान ई-बसों का संचालन बैरागढ़ डिपो से पुराने भोपाल होते हुए बोर्ड ऑफिस तक किया जा रहा है। इसके बाद बसें भोपाल रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म नंबर-1) और बैरागढ़-चीचली-कोलार रूट पर चलाई जा रही हैं। इस दौरान ट्रैफिक दबाव, रूट की व्यवहारिकता और संचालन से जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जा रहा है।
शहर में पहुंची 21 इलेक्ट्रिक बसें
फिलहाल शहर में 21 इलेक्ट्रिक बसें पहुंच चुकी हैं, जबकि जल्द ही 20 और बसें शामिल होने की संभावना है। बैरागढ़ डिपो में 11 चार्जिंग स्टेशन पहले से तैयार हैं। यदि ट्रायल सफल रहता है, तो जल्द ही इन ई-बसों का नियमित संचालन शुरू कर यात्रियों को नई और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बसों का ट्रायल दो शिफ्ट में किया जा रहा
बसों का ट्रायल दो शिफ्ट में किया जा रहा है। पहली शिफ्ट सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक रही। दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक रहेगी। अगले 10 से 12 दिन में 20 और नई बसें आने की उम्मीद है। इसके बाद शहर में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा और बढ़ जाएगा। बसों में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म और आटोमेटिक गेट भी लगाए गए हैं। एक बार फुल चार्ज होने पर बस करीब 180 किलोमीटर तक चल सकेगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं पीएम ई-बसें
पीएम ई-बस सेवा के तहत राजधानी को कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें से 21 बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं। इन बसों में पैसेंजर काउंटिंग सिस्टम, पैसेंजर इंफार्मेशन डिस्प्ले, डिजिटल टिकटिंग सिस्टम, जीपीएस ट्रैकिंग, पैनिक बटन, फायर अलार्म और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।