रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी घंटों के लिए कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में भी देर शाम से लगातार बारिश दर्ज की जा रही है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, जशपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
विभाग ने पेंड्रा, बिलासपुर, बलरामपुर, कोरबा, मुंगेली, कबीरधाम, सरगुजा, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, सुकमा, सूरजपुर, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश
राजधानी रायपुर में देर शाम से लगातार बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है और सुबह के समय यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।