Bhopal Kisan Sammelan : राजधानी भोपाल आज किसानों के बड़े आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जंबूरी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन के जरिए ‘कृषि कल्याण वर्ष 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों किसान भोपाल पहुंचे हैं।
भोपाल आएंगे 1101 ट्रैक्टर
कार्यक्रम के तहत आरटीओ कार्यालय क्षेत्र में लगभग 1101 ट्रैक्टर एकत्र किए गए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं हरी झंडी दिखाकर भव्य ट्रैक्टर रैली को रवाना करेंगे, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। प्रशासन के अनुसार, सम्मेलन और रैली में करीब 30 हजार किसानों की भागीदारी प्रस्तावित है।
2026 रहेगा किसानों को समर्पित वर्ष
मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को पूरी तरह किसानों के हित में समर्पित करने का निर्णय लिया है। पूरे वर्ष कृषि विकास, सिंचाई व्यवस्था, आधुनिक तकनीक, फसल उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
ब्राजील-इजराइल जाएंगे किसान
किसानों को उन्नत खेती की जानकारी देने के लिए उन्हें ब्राजील और इजराइल जैसे देशों में प्रशिक्षण दिलाने की योजना भी तैयार की गई है। सरकार का उद्देश्य खेती को लाभ का व्यवसाय बनाना और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना है।
भोपाल में ट्रैफिक व्यवस्था बदली
किसान सम्मेलन और ट्रैक्टर रैली को देखते हुए भोपाल में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। जंबूरी मैदान और ट्रैक्टर रैली मार्गों पर यातायात दबाव अधिक रहने की संभावना है। करीब 800 से 900 बसों के माध्यम से किसान भोपाल पहुंच रहे हैं, जिसके चलते कई प्रमुख सड़कों को डायवर्ट किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों के लिए अलग मार्ग और विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।