धार। मध्य प्रदेश के धार में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बदनावर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। बागेड़ी नदी के डेम में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद भेरुखालिया गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। तो वही होदसे के चलते मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विर्सजन के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, प्रतिमा विसर्जन के लिए कुछ युवक पानी में आगे की ओर गए थे। इसी दौरान राहुल पिता मुकेश प्रजापत, पवन पिता भंवरलाल राठौड़ और निहाल पिता मुकेश राठौड़ का पैर फिसल गया। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
ग्रामीणों ने तत्काल बचाव प्रयास किया शुरू
हादसा होते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव प्रयास शुरू किए और तीनों किशोरों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष
बताया जा रहा है कि मृतकों की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष थी और वे बदनावर की सरस्वती कॉलोनी में रहते थे। सूचना मिलने पर बदनावर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।