होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नकली शराब नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 200 पेटी शराब जब्त; गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 पहुंची

नकली शराब नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 200 पेटी शराब जब्त; गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 पहुंची

राजनांदगांव। नकली शराब के लेबल, होलोग्राम और पैकेजिंग सामग्री से जुड़े मामले में राजनांदगांव पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने कुल 200 पेटी में 9,600 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब है। इसकी कुल मात्रा करीब 1,728 बल्क लीटर बताई गई है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

दो आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी (27), निवासी मोहारा और रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर (55), निवासी वैशाली नगर, भिलाई को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।

फार्महाउस से बरामद हुई 150 पेटी शराब

पुलिस के मुताबिक रमाशंकर राजपूत की निशानदेही पर धमतरी जिले के कचना स्थित फार्महाउस में दबिश दी गई। यह क्षेत्र चौकी बिरेझर के अंतर्गत आता है। यहां से 150 पेटी शराब बरामद की गई, जिसमें कुल 7,200 बोतलें थीं। इसी तरह महेन्द्र वर्मा की निशानदेही पर मोहारा इलाके से 50 पेटी शराब जब्त की गई। इन पेटियों में कुल 2,400 बोतलें मिलीं। प्रत्येक बोतल की क्षमता 180 एमएल बताई गई है।

कार और मोबाइल फोन भी जब्त

अवैध शराब के परिवहन और भंडारण में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में पुलिस ने क्रेटा और ब्रेजा कार भी जब्त की हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार शराब, वाहन और अन्य जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 19.05 लाख रुपये है।

शराब की सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस अब इस पूरे मामले की सप्लाई चेन की जांच कर रही है। जांच में शराब के स्रोत से लेकर उसके परिवहन, भंडारण और अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाने वाले लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक रमाशंकर राजपूत द्वारा सहयोगियों के साथ शराब मंगवाकर उसे स्टोर करने और आगे सप्लाई करने से जुड़े तथ्य जांच में सामने आए हैं। वहीं महेन्द्र वर्मा द्वारा मोहारा क्षेत्र में बिक्री के लिए शराब हासिल किए जाने की जानकारी मिली है। जब्त मोबाइल फोन और वाहनों से मिले डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इन सुरागों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

14 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

इस मामले में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के साथ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में की गई। इसमें एसडीओपी केशरी नंदन नायक, डीएसपी साइबर/क्राइम सत्य प्रकाश तिवारी की निगरानी में डोंगरगढ़ थाना, मोहारा पुलिस चौकी और साइबर टीम शामिल रही।


संबंधित समाचार