इंदौर : अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अब मीडिया से दूरी बनाने का फैसला कर लिया है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि वह एक साल तक मीडिया से दूर रहेंगे। बावजूद इसके मीडिया कर्मी उनसे सवाल करते रहे। जिन पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
इंदौर में मीडिया से बात नहीं करूंगा - कैलाश विजयवर्गीय
दरअसल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय आज एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दादा गुरु के साथ पहुंचे थे। इस दौरान जब वो कार्यक्रम से बाहर निकले तो कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर में पत्रकारों ने घेरा और स्थानीय मुद्दे और पितृ पर्वत को लेकर सवाल पूछना शुरू किया तो कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं अब इंदौर में मीडिया से बात नहीं करूंगा।
मुंह खोलते ही खड़ा हो जाता है विवाद
बता दें कि एमपी के नगर विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में जब भी मुंह खोलते हैं तो विवाद खड़ा हो जाता है। ऐसे में विवादों से बचने के लिए उन्होंने यह फैसला लिया। विजयवर्गीय अक्सर महिलाओं को लेकर विवादित बयान देते है। जिसके चलते वो अक्सर सुर्खियों में बने रहते है।
'चौड़ाई' वाले बयान के बाद हुए चौंकन्ना
दरअसल, हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने महिला पार्षद संध्या यादवपर टिप्पणी की थी। बॉडी शेमिंग करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि चौड़ाई बढ़ गई है। यह बात सुनकर संध्या यादव मुस्कुराने लगी थी। बाद में इस बयान को लेकर बखेड़ा खड़ा हुआ तो कैलाश विजयवर्गीय ने खेद जताया। साथ ही कहा कि वह हमारी पुत्री सामान है।