महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर रायपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार रात हाईप्रोफाइल घटनाक्रम देखने को मिला। ओमान से भारत लाए जाने के बाद सौरभ को लेकर पहुंची CBI की टीम ने उसे मीडिया कैमरों से दूर रखने के लिए खास इंतजाम किए। आरोप है कि एयरपोर्ट पर उसकी मौजूदगी और आवाजाही को कैमरों से बचाने के लिए लाइटें तक बंद करवाई गईं।
इस दौरान CBI टीम ने सौरभ चंद्राकर को आम निकास द्वार के बजाय एयरपोर्ट के प्रस्थान गेट से बाहर निकाला। पूरी कार्रवाई के दौरान मीडिया की नजरों से उसे दूर रखने की कोशिश की गई। दावा किया जा रहा है कि रायपुर एयरपोर्ट पर किसी आरोपी को इस तरह प्रस्थान गेट से बाहर ले जाने का यह पहला मामला है।
प्रस्थान गेट से निकाला गया सौरभ चंद्राकर
सौरभ चंद्राकर को रायपुर एयरपोर्ट से बाहर ले जाने के तरीके ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि मीडिया की मौजूदगी को देखते हुए CBI टीम ने सामान्य निकास मार्ग का इस्तेमाल नहीं किया। इसके बजाय आरोपी को प्रस्थान गेट से रवाना किया गया।
इसी घटनाक्रम के दौरान एयरपोर्ट की लाइटें बंद कराए जाने का दावा भी सामने आया है। हालांकि, लाइटें बंद करने के पीछे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं है।
बुधवार को विशेष CBI कोर्ट में होगी पेशी
ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI की टीम सौरभ चंद्राकर को रायपुर लेकर पहुंची है। अब बुधवार को उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाना है।
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में सौरभ की कोर्ट में पेशी के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच को लेकर भी नजरें बनी हुई हैं। मामले में CBI की पूछताछ और अदालत में होने वाली कार्यवाही से आगे के घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकती है।