होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

राशन लेने की बदलेगी व्यवस्था! रायपुर के 10 जोन में शुरू होंगे ग्रेन ATM

राशन लेने की बदलेगी व्यवस्था! रायपुर के 10 जोन में शुरू होंगे ग्रेन ATM

रायपुर। राजधानी में राशन वितरण की व्यवस्था को और आसान बनाने की दिशा में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। बिरगांव के ट्रांसपोर्ट नगर में शुरू किए गए अन्नपूर्ति ग्रेन ATM सेंटर को मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब रायपुर शहर के सभी 10 जोन में एक-एक नया ग्रेन ATM सेंटर खोलने की योजना बनाई जा रही है। विभाग की ओर से नए सेंटरों के लिए जगह चिन्हांकित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थान तय होने के बाद प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित क्षेत्रों में ग्रेन ATM सेंटर शुरू किए जाएंगे।

बिरगांव में 12 दिन में 300 क्विंटल से ज्यादा चावल का वितरण

बिरगांव के ट्रांसपोर्ट नगर में शुरू हुए ग्रेन ATM सेंटर को अभी करीब 12 दिन ही हुए हैं, लेकिन इस अवधि में यहां 300 क्विंटल से अधिक चावल का वितरण किया जा चुका है। कम समय में राशन लेने की सुविधा और प्रक्रिया की सरलता के कारण कार्डधारकों की इसमें रुचि बढ़ी है। इसी सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए खाद्य विभाग अब इस मॉडल को रायपुर शहर के दूसरे इलाकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है।

आधार या राशन कार्ड नंबर और फिंगरप्रिंट से मिलेगा चावल

ग्रेन ATM की खासियत यह है कि राशन कार्डधारक को चावल लेने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ती। मशीन में आधार या राशन कार्ड नंबर दर्ज करने के बाद फिंगरप्रिंट सत्यापन किया जाता है। सत्यापन पूरा होते ही पात्रता के अनुसार मशीन से चावल निकलने लगता है। चावल सीधे मशीन से बोरी में आता है। कार्डधारक को केवल बोरी पकड़नी होती है। इस पूरी प्रक्रिया में कुछ ही मिनट लगते हैं, जिससे राशन वितरण में समय की बचत होती है।

अब APL कार्डधारकों को भी मिल रहा चावल

बिरगांव के ग्रेन ATM सेंटर में अब APL श्रेणी के राशन कार्डधारकों को भी चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। पहले यहां मुख्य रूप से निःशुल्क चावल प्राप्त करने वाले कार्डधारकों को सुविधा मिल रही थी। अब APL कार्डधारक 10 रुपये प्रति किलो की दर से चावल ATM के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित शुल्क नकद लिया जा रहा है और सेंटर का संचालन करने वाले समूह द्वारा राशि वसूली की जा रही है।

शक्कर और नमक के लिए अलग ई-पॉस मशीन

ग्रेन ATM सेंटर में सिर्फ चावल की सुविधा ही नहीं है, बल्कि शक्कर और नमक वितरण की भी अलग व्यवस्था की गई है। इन दोनों सामग्री के वितरण के लिए अलग ई-पॉस मशीन रखी गई है, जिससे राशन वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।

तीन जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर हुई शुरुआत

ग्रेन ATM योजना को प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है। इसके तहत रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में एक-एक ग्रेन ATM सेंटर स्थापित किया गया। इन सेंटरों को मिल रही प्रतिक्रिया के बाद योजना को विस्तार देने की दिशा में काम किया जा रहा है। रायपुर में अब इसे शहर के सभी 10 जोन तक पहुंचाने की तैयारी है। खाद्य निरीक्षकों को सेंटर के लिए उपयुक्त स्थान तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यालय भेजा जाएगा प्रस्ताव

रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार, ग्रेन ATM सेंटर को मिल रही सफलता के बाद शहर के सभी जोन में एक-एक नया सेंटर खोलने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। फिलहाल इसके लिए स्थानों को चिन्हांकित करने की प्रक्रिया चल रही है। स्थान तय होने के बाद प्रस्ताव स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा।


संबंधित समाचार