रायपुर/कोंडागांव। उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने से हुए हादसे ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में कोंडागांव जिले के चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल बताए गए हैं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद जिले में शोक का माहौल है। हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक शामिल हैं। वहीं जिले के दो अन्य श्रमिक हादसे में घायल हुए हैं।
मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की सहायता
हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृत श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायल दोनों श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कोंडागांव पहुंचाए गए पार्थिव शरीर
हादसे में मृत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। चार श्रमिकों की मौत की खबर से मृतकों के गांवों में शोक की लहर है और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
CM साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल दोनों श्रमिकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों की जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।