रायपुर: CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। कुछ इलाकों में जहां झमाझम बारिश हुई, वहीं कई शहरों में हल्की फुहारों से मौसम सुहावना बना रहा। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के बावजूद राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों के दौरान तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री से बढ़कर करीब 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तापमान बढ़ने से राजधानी के लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।
अगले 7 दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में मौसमी वर्षा अब तक सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। अगले सात दिनों के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम में अचानक बदलाव और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जा सकती है।
प्रदेश में कहां कितना रहा तापमान?
गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। इसके अलावा राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं प्रदेश का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों के बीच तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने की संभावना है, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेमी, जबकि कोटाडोल में 7 सेमी बारिश दर्ज हुई। इसके साथ ही रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। अन्य इलाकों में इससे कम बारिश हुई।
क्या है अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश का दौर पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है। खासकर उत्तरी और मध्य हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है।