रतलाम : रतलाम के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र में पदस्थ हेड कांस्टेबल तपेश गोसाईं को राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भीलवाड़ा में ₹50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है पुलिसकर्मी ने जमीन धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार आरोपी की मदद करने और कानूनी कार्रवाई में राहत दिलाने के नाम पर कुल ₹1.10 लाख की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी ने ट्रैप की बनाई थी योजना
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने राजस्थान एसीबी को बताया था कि हेड कांस्टेबल पहले ही ₹10 हजार रिश्वत के रूप में ले चुके हैं और शेष रकम की मांग लगातार कर रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई और तपेश गोसाईं को भीलवाड़ा के एक होटल में ₹50 हजार रुपय रिश्वत लेने के दौरान रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जमीन के सौदे में लाखों रुपये की धोखाधड़ी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी जमीन के एक सौदे से जुड़े लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार आरोपी लियाकत के संबंध में कार्रवाई कर रहे थे। इसी सिलसिले में तपेश गोसाईं, एएसआई कैलाश सैनी और एक अन्य पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर भीलवाड़ा पहुंचे थे। जहां रिश्वत लेते राजस्थान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
डिप्टी एसपी नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में चलाय गया ऑपरेशन
बता दें कि डिप्टी एसपी नरपत सिंह चारण के नेतृत्व में एसीबी ने होटल में यह ट्रैप ऑपरेशन चलाया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।