होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बलरामपुर में किसानों का कलेक्ट्रेट घेराव, फर्जी लोन के कारण धान भुगतान अटका, कार्रवाई की मांग

बलरामपुर में किसानों का कलेक्ट्रेट घेराव, फर्जी लोन के कारण धान भुगतान अटका, कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में समर्थन मूल्य पर बेची गई धान की भुगतान राशि नहीं मिलने से नाराज किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। रामचंद्रपुर विकासखंड के करीब 50 किसानों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए अपनी लंबित भुगतान राशि जल्द जारी करने की मांग की। किसानों का कहना है कि उन्होंने धान बेचने के बाद भी अब तक भुगतान नहीं पाया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

फर्जी लोन निकालने का लगाया आरोप

प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि उनके नाम पर बिना जानकारी के सहकारी बैंक से ऋण स्वीकृत कर दिया गया। इसी कारण उनके खातों को होल्ड कर दिया गया और धान बिक्री की राशि भी रोक दी गई। किसानों का कहना है कि उन्होंने कभी किसी प्रकार का कृषि ऋण नहीं लिया, फिर भी उन्हें फर्जी कर्जदार बना दिया गया।

जेल में बंद किसान के नाम पर भी निकला ऋण

किसानों ने दावा किया कि फर्जी लोन का मामला इतना गंभीर है कि एक ऐसे किसान के नाम पर भी कर्ज जारी कर दिया गया, जो उस समय जेल में बंद था। किसानों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक दोषियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि निर्दोष किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रशासन ने कार्रवाई का दिया भरोसा

किसानों से मिलने पहुंचे अतिरिक्त तहसीलदार जितेंद्र डहरिया ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि इसे नियमानुसार राज्य सरकार तक भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि फर्जी लोन मामले की जांच पहले ही कराई जा चुकी है, लेकिन जांच प्रक्रिया के दौरान संबंधित खातों को होल्ड कर दिया गया था। साथ ही किसानों के प्रतिनिधिमंडल को कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर भी दिया जाएगा।

जल्द समाधान की उम्मीद में किसान

किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन की तैयारियां शुरू होने वाली हैं, लेकिन धान बिक्री की राशि नहीं मिलने से खेती की अगली प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उनका आग्रह है कि फर्जी लोन मामले का शीघ्र समाधान कर भुगतान जारी किया जाए, ताकि वे समय पर खेती का कार्य शुरू कर सकें।


संबंधित समाचार