होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Breaking News: बीजेपी विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा, जल जीवन मिशन पर CAG रिपोर्ट, भोपाल मेट्रो को मिली नई रफ्तार

MP Breaking News: बीजेपी विधायक ने अपनी ही सरकार को घेरा, जल जीवन मिशन पर CAG रिपोर्ट, भोपाल मेट्रो को मिली नई रफ्तार

MP Breaking News: मध्यप्रदेश में शुक्रवार को राजनीति, प्रशासन, विकास और मौसम से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आईं। बीजेपी विधायक अजय विश्नोई ने अपनी ही सरकार के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए। वहीं जल जीवन मिशन को लेकर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट ने ग्रामीण पेयजल योजनाओं की प्रगति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। दूसरी ओर भोपाल मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है, जबकि प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

अपनी ही सरकार पर बरसे बीजेपी विधायक अजय विश्नोई

बीजेपी विधायक अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि शाहपुरा पुल का निर्माण प्राथमिकता में दिखाई नहीं देता, जबकि भोपाल-जबलपुर मार्ग का भारी ट्रैफिक पाटन की ओर मोड़े जाने से सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। विश्नोई ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पाटन-जबलपुर और पाटन-मानकेड़ी सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते भारी वाहनों के दबाव के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और एक बार फिर एक व्यक्ति की जान चली गई।

दतिया उपचुनाव में स्टार प्रचारकों की सीमित मौजूदगी

दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान में इस बार दोनों प्रमुख दलों के कई बड़े चेहरे सक्रिय नजर नहीं आए। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह केवल नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि कमलनाथ समेत कई वरिष्ठ नेता प्रचार से दूरी बनाए हुए हैं। वहीं बीजेपी के कई केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेता भी अब तक चुनाव प्रचार में नहीं पहुंचे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अंतिम चरण में प्रचार अभियान तेज हो सकता है।

जल जीवन मिशन पर CAG रिपोर्ट का बड़ा खुलासा

CAG रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2024 तक प्रदेश के सभी ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन दिसंबर 2024 तक भी लगभग 34 लाख ग्रामीण परिवार योजना के लाभ से वंचित रहे। रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले पांच वर्षों में करीब 27 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए, इसके बावजूद लगभग 1.11 करोड़ ग्रामीण परिवारों में से केवल 77 लाख परिवारों तक ही नल जल कनेक्शन पहुंच सका।

MBBS इंटर्न्स आज कर सकते हैं कामबंद

प्रदेशभर के MBBS इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चला रहे हैं। 9 जुलाई से जारी प्रदर्शन के बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं होने से शुक्रवार को इंटर्न्स कामबंद कर सकते हैं। उनका कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन भेजे गए लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

भोपाल मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ी राहत

 भोपाल मेट्रो के सिग्नलिंग सिस्टम को मंजूरी मिलने के बाद 25 जुलाई से नई परिचालन व्यवस्था लागू होगी। नई व्यवस्था के तहत दोनों ट्रैक पर मेट्रो संचालन होगा। पीक ऑवर में हर 15 मिनट पर ट्रेन उपलब्ध रहेगी। सामान्य समय में हर 30 मिनट के अंतराल पर सेवा मिलेगी।चार नई ट्रेनें सुभाष नगर से एम्स कॉरिडोर पर संचालित होंगी। दिनभर में दोनों दिशाओं में लगभग 50 फेरे लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों का लंबा इंतजार काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव का पन्ना दौरा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को पन्ना जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे 204.26 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में 6 विकास कार्यों का लोकार्पण, 16 परियोजनाओं का भूमि-पूजन, सड़क परियोजनाएं, डायमंड म्यूजियम, संयुक्त एसडीएम कार्यालय छात्रावास एवं पॉलीटेक्निक भवन बैराज योजना और पर्यटन विकास कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा।

प्रदेश में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 मौसम विभाग ने श्योपुर, मंदसौर, रतलाम, आलीराजपुर और पन्ना जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल समेत 50 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार जुलाई के अंतिम सप्ताह में मानसून और अधिक सक्रिय रहने के संकेत हैं।

ट्विशा शर्मा केस में आज जमानत याचिका पर सुनवाई

ट्विशा शर्मा मामले में गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर विशेष CBI अदालत में सुनवाई होगी। जमानत आवेदन में मां की देखभाल, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और घर में हुई चोरी का हवाला दिया गया है।

जीतू पटवारी के भाई भरत पटवारी से पूछताछ

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई भरत पटवारी को पूछताछ के लिए तलब किया है। इस मामले में उनके कारोबारी सहयोगियों से पहले ही पूछताछ की जा चुकी है।


संबंधित समाचार