डबरा : मध्य प्रदेश के डबरा में बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे का शिकार होने के चलते एक मां बेटे की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के पांच सदस्य हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना जंगीपुरा इलाके की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
घटना जंगीपुरा इलाके की
बताया जा रहा है कि एक परिवार देर रात घर मे सो रहा था। तभी बारिश के चलते कच्चा मकान भरभरा कर गिर गया। जिसकी आवाज सुनकर आस पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सभी को तुरंत मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के दौरान डॉक्टर ने सीमा (35) और उनके दो साल के बेटे आदित्य को मृत घोषित कर दिया।
हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ
इस दुखद हादसे में जागेंद्र और उसकी तीन बेटियों खुशबू (10), वैशाली (12) और राखी (14) गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे के आस पास हुआ।
SDM ने लिया स्थिति का जायजा
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद SDM नवकिरण कौर, SDOP सौरभ कुमार और तहसीलदार नवीन भारद्वाज भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से बात की। साथ ही स्थिति का जायजा लिया।