छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर में 11 साल की छात्रा की अचानक तबियत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। छात्रा शहर के महर्षि स्कूल में कक्षा 6वीं में पढ़ती थी। जिसकी अचानक हुई मौत से परिवार सहित स्कूल में मातम पसरा हुआ है। तो वही मौत की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
काव्या को पेट दर्द और उल्टी की थी शिकायत
बताजा जा रहा है कि छात्रा काव्या गुप्ता को पिछले कुछ दिनों से पेट दर्द और उल्टी की शिकायत थी। जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। जहां एक दिन इलाज चलने के बाद काव्या की तबियत में सुधार हुआ। तो परिजन उसे घर ले गए। लेकिन अगले दिन फिर काव्य को पेट में दर्द की शिकात होने के चलते तबियत बिगड़ी तो परिजन फिर उसे पीयूष बजाज के यहां लेकर पहुंचे लेकिन हालत में सुधार नही होने के चलते डॉक्टर ने उसे नर्मदा हॉस्पिटल भेजा। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
साइलेंट अटैक की आशंका
परिजनों के अनुसार, छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने के दौरान अटैक जैसे संकेत दिखाई दिए थे और परिवार की ओर से साइलेंट अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि छात्रा का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, जिसके चलते मौत की वास्तविक चिकित्सकीय वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मौत का कारण चिकित्सकीय रिकॉर्ड या संबंधित जांच से ही निश्चित रूप से स्पष्ट हो सकेगा।
परिवार में पसरा मातम
गुरुवार को छत्रसाल नगर के पास स्थित मुक्तिधाम में काव्या का अंतिम संस्कार किया गया। काव्या के चाचा सुरेंद्र गुप्ता ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। 11 वर्षीय बच्ची की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं उसके सहपाठियों और महर्षि स्कूल के शिक्षक-स्टाफ में भी गहरा दुख व्याप्त है।