होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: CM साय आज लौटेंगे रायपुर, कांग्रेस करेगी ‘चीनी सत्याग्रह’; जन्माष्टमी पर शराब-मांस बंद

Morning Breaking: CM साय आज लौटेंगे रायपुर, कांग्रेस करेगी ‘चीनी सत्याग्रह’; जन्माष्टमी पर शराब-मांस बंद

Morning Breaking:  छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक गतिविधियों और धार्मिक आयोजनों के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे के बाद आज रायपुर लौटेंगे। वहीं, चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में ‘चीनी सत्याग्रह’ के जरिए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। इसके अलावा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के चलते आज राजधानी सहित निगम क्षेत्रों में मांस-मटन की बिक्री और शराब की बिक्री पर रोक रहेगी।

CM विष्णुदेव साय आज लौटेंगे रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दिल्ली प्रवास के बाद आज राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे सुबह 10:45 बजे नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन से रवाना होंगे और करीब 11:15 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से रायपुर के लिए रवाना होंगे। उनका विमान दोपहर करीब 2:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचेगा। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री करीब 2:35 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

चीनी की महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’

चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस अभियान को ‘चीनी सत्याग्रह’ नाम दिया है। पार्टी की ओर से सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ ही अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा है। कांग्रेस का कहना है कि बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।

जन्माष्टमी पर आज मांस-मटन और शराब की बिक्री पर रोक

श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आज यानी 4 सितंबर को ड्राई डे रहेगा। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश के अनुसार इस दिन शराब की बिक्री पर रोक रहेगी। इसके साथ ही नगर निगम सीमा क्षेत्र में आज मांस-मटन की बिक्री भी प्रतिबंधित रहेगी। निगम प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। महापौर मीनल चौबे के मुताबिक सितंबर में धार्मिक पर्वों के कारण अलग-अलग तारीखों पर मांस-मटन की दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

सितंबर में इन तारीखों पर बंद रहेंगी मांस-मटन की दुकानें

4 सितंबर – श्री कृष्ण जन्माष्टमी
7 सितंबर – पर्यूषण पर्व का प्रथम दिवस
14 सितंबर – श्री गणेश चतुर्थी
15 सितंबर – पर्यूषण पर्व का अंतिम दिवस
22 सितंबर – डोल ग्यारस
25 सितंबर – अनंत चतुर्दशी
26 सितंबर – पर्यूषण पर्व में संवत्सरी एवं उत्तम क्षमा

इन सभी अवसरों पर निगम सीमा के मांस-मटन बिक्री केंद्र बंद रहेंगे। पशुवध गृहों को भी संबंधित दिनों में बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

नगर निगम ने आदेश के पालन की निगरानी के लिए सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। यदि प्रतिबंधित दिन पर कोई व्यक्ति या संस्था मांस-मटन की बिक्री करते हुए पाई जाती है तो मौके पर ही सामग्री जब्त की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित समाचार