
Govind Singh Rajput : मंत्रालय को आमतौर पर सबसे सुरक्षित माना जाता है। यहां की सुरक्षा व्यवस्था इस तरीके की है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। किंतु चोरों ने बगैर डरे मंत्रालय में मंत्री के चैंबर को भी नहीं बख्शा। अज्ञात चोरों ने मंत्री के चैंबर से भगवान गणेश की एक चांदी कोटेड मूर्ति चोरी कर उठा ले गए। इसकी जानकारी मिलते ही सुरक्षा अधिकारी ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। मंत्रालय के एक महीने के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही चोरों का सुराग लग जाएगा। इसमें सफाई कर्मी या चपरासी स्तर के कर्मचािरयाें मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
मूर्ति उड़ा ले गए चोर
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का वीवी-2 में द्वितीय तल पर हाईटेक चैंबर है। आमतौर पर पूरे मंत्रालय में मंत्रियों के चैंबर लॉक नहीं रहते। उनका भी चैंबर लॉक नहीं था। चैंबर में कई जरूरी वस्तुएं भी रखी होती है। बताते हैं कि अज्ञात चोरों ने मंत्री के चैंबर में अन्य मूर्तियों के साथ रखे भगवान गणेश की मूर्ति चोरी कर उठा ले गए। आज मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के लिए जब वे पहुंचे तो अचानक उनकी नजर मूर्ति पर पड़ी। मूर्ति की चौकी वहीं पड़ी है, पर मूर्ति नदारद थी।
इसकी जानकारी मिलने के बाद मंत्री स्टाफ के लाेगों ने तत्काल सुरक्षा अधिकारी अविनाश शर्मा व कार्यालय अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। सुरक्षा अधिकारी शर्मा मौके पर पहुंंचे। उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ छानबीन शुरू कर दी। चैंबर के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्दी ही चोरों का सुराग लगने की आशंका है।
कर्मचारियों पर चोरी का शक!
मंत्री राजपूत ने बताया कि अचानक उनकी नजर मूर्ति पर पड़ी तो उन्हें आश्चर्य हुआ। चूंकि ऐसी घटना कभी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि इसमें सफाई कर्मी, स्टाफ या चपरासी आदि की भूमिका हो सकती है। इसकी जांच की जा रही है। जिस तरह से मंत्रालय सुरक्षा ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है, संभावना जताई जा रही है कि जल्दी ही इसका खुलासा हो जाएगा।