रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए उनकी तारीफ की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया है और उनके प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल पर गर्व महसूस किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी ने विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है और 140 करोड़ भारतवासियों का विकास, विश्वास और प्रयास को अपना मूल मंत्र बनाया है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ को लेकर एक भारत श्रेष्ठ भारत का नारा बुलंद किया है और देशवासियों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की जेल में चैतन्य बघेल से मुलाकात के संबंध में कहा कि चैतन्य बघेल को जेल क्यों जाना पड़ा, यह उन्हें पता है। उन्होंने बताया कि पायलट भूपेश बघेल के परिवार को सांत्वना देने आए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे महीने में एक बार दिल्ली दौरे पर जाते रहते हैं, जहां प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेताओं से प्रदेश के विकास और समस्याओं को लेकर चर्चा होती है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं को योग्य मानने और उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए समर्थन देने पर धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि कांग्रेस भी मानती है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के पास योग्य नेता हैं।