कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के कदमनारा ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण में देरी को लेकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। लंबे समय से अधूरी पड़ी सड़क और बारिश के कारण बने दलदली हालात से परेशान लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया।
बरसात ने बढ़ाई परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक कदमनारा से लवनापारा तक बनने वाली लगभग पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण शुरू तो हुआ, लेकिन कुछ दिनों बाद ही काम रोक दिया गया। सड़क की खुदाई के बाद उसे अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे बारिश के मौसम में पूरा मार्ग कीचड़ और दलदल में बदल गया है।
रोजाना सैकड़ों लोग हो रहे प्रभावित
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोज इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
मरीजों तक नहीं पहुंच पा रही एम्बुलेंस
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे गंभीर मरीजों को मुख्य सड़क तक खाट या अन्य साधनों से ले जाना पड़ रहा है।
धान की रोपाई कर जताया विरोध
प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए ग्रामीणों ने सड़क को ही खेत का रूप दे दिया और कीचड़ में धान की रोपाई शुरू कर दी। उनका कहना है कि यदि सड़क खेती लायक बन गई है तो इसे सड़क कहना भी उचित नहीं है। इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए उन्होंने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
पहले भी दी थी शिकायत
ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत पहले ही जिला प्रशासन को सौंप दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।