पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, बीना : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह मंगलवार को बीना दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वे ग्राम पंचायत समिति के गठन कार्यक्रम और “मनरेगा बचाओ अभियान” में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने हिंदू धर्म क्या है? हिंदुत्व क्या है? समझाया और भाजपा पर निशाना साधा।
हिंदुत्व कोई धर्म नहीं
दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में कहा है कि भाजपा हिंदू धर्म के साथ नहीं है, बल्कि हिंदुत्व के साथ है। हिंदुत्व कोई धर्म नहीं है, यह एक पहचान है। इसलिए वे लोगों को गुमराह कर रहे हैं। जगह-जगह हिंदू सम्मेलन हो रहे हैं, हमसे ही चंदा लिया जा रहा है और हमें ही भंडारा खिलाया जा रहा है। भाजपा और संघ का धर्म से कोई लेना-देना नहीं है, ये केवल लोगों को डराते हैं। “हिंदुओं एक हो जाओ… हिंदू धर्म खतरे में है…” और ओवैसी कहते हैं, “मुसलमानों एक हो जाओ… हिंदुओं से खतरा है।” दोनों मिलकर एक खेल खेलते हैं।
भाजपा-ओवैसी एक हैं…
उन्होंने आगे कहा कि न हिंदुओं को कोई खतरा है और न मुसलमानों को। अगर कोई खतरा है तो आपसी लड़ाई से देश को खतरा है। इस बात को समझो, देश को बचाओ। सावरकर जी और मोहम्मद अली जिन्ना जी ने एक बार देश का बंटवारा करा दिया था। अब देश का नहीं, मोहल्लों का बंटवारा हो रहा है। शहरों में बंटवारा हो रहा है। कई जगह ऐसे हालात बन गए हैं कि मुसलमानों ने अपने अलग मोहल्ले बना लिए हैं और हिंदुओं ने अलग। यह क्यों हो रहा है? हम सब एक हैं, सबका मालिक एक है। हम सभी भारतीय हैं।
कहां से आया हिंदू शब्द?
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि “हिंदू” शब्द वैदिक शब्द नहीं है, यह फारसी शब्द है। जब फारसी भाषा यहां आई तो फारसी में “सिंध” को “हिंद” कहा जाता था। सिंध नदी के इस पार जो लोग रहते थे, वे हिंदू कहलाने लगे। इसलिए मोहन भागवत ठीक कहते हैं, हिंदू मुसलमान, हिंदू ईसाई, हिंदू सिख। इसलिए हिंदू कोई धर्म नहीं है, यह एक भौगोलिक शब्द है। हमारा धर्म सनातन है और सनातन का मतलब है जिसका कोई अंत नहीं। वही हमारा धर्म है।