धार। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा धार जिले के बरमंडल में शहीद थाना प्रभारी दिलीप पुरी के घर पहुंचे। यहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। डिप्टी सीएम ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
शहीद टीआई दिलीप पुरी के परिवार को एक करोड़ की सहायता
इस दौरान जगदीश देवड़ा ने शहीद TI के परिवार के लिए कुल एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसमें 50 लाख रुपये उनकी पत्नी को और 50 लाख रुपये माता-पिता को दिए जाएंगे। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।
दोषियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गुजरात कनेक्शन को लेकर कहा कि जांच में सामने आने वाले हर पहलू की पुलिस गंभीरता और निष्पक्षता से पड़ताल करेगी।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और दोषियों को कानून के दायरे में लाना है।