होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

ड्रंक एंड ड्राइव पर धमतरी पुलिस का एक्शन, 3 वाहन जब्त और 26 के कटे चालान

ड्रंक एंड ड्राइव पर धमतरी पुलिस का एक्शन, 3 वाहन जब्त और 26 के कटे चालान

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले तीन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें एक ई-रिक्शा और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर संबंधित मामलों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यातायात पुलिस की कार्रवाई नया बस स्टैंड और अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में की गई। इस दौरान ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की जांच की गई। चालकों की शराब की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर का इस्तेमाल किया गया।

शराब के नशे में मिले 3 चालक, वाहन जब्त

नया बस स्टैंड क्षेत्र में जांच के दौरान पुलिस को एक ई-रिक्शा चालक और दो मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी।

145 ऑटो और ई-रिक्शा की जांच

अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में यातायात पुलिस ने करीब 145 ऑटो और ई-रिक्शा की जांच की। इस दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। जांच में कमियां पाए जाने पर 22 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि 4 वाहनों का ई-चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज व सुरक्षा मानकों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

इस साल 391 शराबी चालकों पर कार्रवाई

धमतरी यातायात पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक 391 शराबी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर उनके प्रकरण न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाना केवल चालक के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। यातायात पुलिस लगातार ड्रंक एंड ड्राइव के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नजर रख रही है।

वाहन चालकों से पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस तथा सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखें। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहन जांच और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

  


संबंधित समाचार