बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बस ऑपरेटरों और ऑटो चालकों के बीच चल रहा विवाद अब यातायात व्यवस्था पर असर डाल रहा है। बस चालक के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में बस संचालकों ने लगातार दूसरे दिन भी बसों का संचालन बंद रखा। हड़ताल के चलते जिले से दूसरे शहरों के लिए चलने वाली यात्री बसें सड़कों से नदारद रहीं।
बलौदाबाजार से रायपुर, सारंगढ़, जांजगीर और बिलासपुर समेत कई प्रमुख मार्गों पर बस सेवा प्रभावित रही। बसों के पहिए थमने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
बस ऑपरेटरों का कहना है कि बस चालक के साथ हुई मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बस स्टैंड में ऑटो के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए अलग ऑटो स्टैंड बनाए जाने की मांग रखी है।
बस संचालकों के समर्थन में बस स्टैंड के व्यापारियों ने भी अपनी आवाज उठाई है। उनका कहना है कि विवाद का स्थायी समाधान निकाला जाना जरूरी है, ताकि यात्रियों और कारोबारियों को परेशानी न हो।
पुलिस और आरटीओ ने की बातचीत की कोशिश
विवाद के बाद कोतवाली थाना प्रभारी और आरटीओ अधिकारी बस स्टैंड पहुंचे। अधिकारियों ने बस संचालकों और व्यापारियों से चर्चा कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की।
हालांकि, बसों का संचालन बंद रहने से यात्रियों की मुश्किलें बनी हुई हैं। प्रमुख रूटों पर बस सेवा प्रभावित होने के कारण लोगों को दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
रोजाना 100 से ज्यादा बसों का संचालन
जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार जिले से प्रतिदिन 100 से अधिक यात्री बसें रायपुर, भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ समेत अन्य शहरों और कस्बों के लिए चलती हैं। हड़ताल के कारण इन रूटों पर यात्री परिवहन प्रभावित हुआ है। बस ऑपरेटरों और प्रशासन के बीच समस्या के समाधान को लेकर बैठक होने की संभावना है। अब सबकी नजर इस बैठक पर है कि विवाद को लेकर क्या समाधान निकलता है और बस सेवा दोबारा कब शुरू होती है।