होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Datia By-Election 2026: 291 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू, सुरक्षा के लिए 16 कंपनियां तैनात

Datia By-Election 2026: 291 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू, सुरक्षा के लिए 16 कंपनियां तैनात

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार, 30 जुलाई को मतदान शुरू हो गया है। लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण चुनाव में 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधानसभा के नए प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। यह मौका दतिया के मतदाताओं को लगभग ढाई वर्ष बाद मिला है। मतदाता सूची के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में 1,16,116 पुरुष, 1,04,284 महिला और 10 अन्य मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच

दतिया उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से घनश्याम सिंह चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (आसपा) से दामोदर यादव समेत कुल 21 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

क्यों हो रहा है उपचुनाव?

दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की नौबत पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद आई। बैंक एफडी धोखाधड़ी से जुड़े मामले में अदालत द्वारा तीन वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद यह सीट रिक्त घोषित हुई और निर्वाचन आयोग ने जुलाई में उपचुनाव की घोषणा की।

291 मतदान केंद्रों पर वोटिंग

पूरे विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 185 ग्रामीण और 106 शहरी मतदान केंद्र शामिल हैं। दतिया और बड़ौनी नगर क्षेत्र में कुल 106 केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रशासन ने दो आदर्श मतदान केंद्र भी तैयार किए हैं, जहां मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया, बैठने सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

233 संवेदनशील और 28 अतिसंवेदनशील बूथ

शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 233 मतदान केंद्रों को संवेदनशील तथा 28 केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया है। इन सभी बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल, वेबकास्टिंग और विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। पूरे विधानसभा क्षेत्र को 36 सेक्टरों में बांटा गया है तथा प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

16 कंपनियां संभालेंगी सुरक्षा व्यवस्था

मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 16 कंपनियां तैनात की गई हैं। जिले की सीमाओं पर 12 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बनाकर वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसके अलावा मतदान से 48 घंटे पहले सभी शराब दुकानें बंद करा दी गई हैं तथा निगरानीशुदा बदमाशों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

4 हजार से अधिक युवा पहली बार डालेंगे वोट

इस बार उपचुनाव में 4,158 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। युवाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

1280 कर्मचारी संभालेंगे मतदान की जिम्मेदारी

मतदान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए करीब 1280 मतदान कर्मियों और 215 माइक्रो ऑब्जर्वरों की तैनाती की गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी सहित चार सदस्यीय टीम मौजूद रहेगी। मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाई जाएंगी।

प्रशासन ने की पूरी तैयारी

मतदान से पहले कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान दलों और सुरक्षा बलों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।

 


संबंधित समाचार