उज्जैन : विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देश दुनिया भर से भक्त उज्जैन आते है। इसी कड़ी में आज भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव अपनी पत्नी तान्या वाधवा के साथ उज्जैन पहुंचे। जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। साथ ही भस्म आरती में भी शामिल हुए। इसके साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी महाकाल के दर्शन किये।
"अनुभव बहुत अच्छा था" -उमेश यादव
भगवान महाकाल के दर्शन के बाद उमेश यादव ने कहा कि वह अक्सर आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर आते हैं और उनका मानना है कि भगवान महाकाल के बुलाए बिना कोई भी यहां नहीं आ सकता। उन्होंने कहा, "अनुभव बहुत अच्छा था। मैं यहां अक्सर आता रहता हूं. इस बार का एहसास सच में खास था। बाबा का दर्शन करके बहुत अच्छा लगा। मैंने अपनी हर योजना और आगे जो कुछ भी है, उसके लिए बाबा का आशीर्वाद मांगा।"
मंदिर समिति ने किया स्वागत एवं सत्कार
इधर, दर्शन के बाद खिलाड़ी उमेश यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का मंदिर प्रबंध समिति की ओर से स्वागत एवं सत्कार किया गया। जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रही है।