बड़वानी: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज बड़वानी जिले में आयोजित जन विश्वासन अभियान में शामिल होने के लिए पहुंचे और जनता के बीच पहुंचकर उनकी शिकायतें सुनी। साथ ही सीएम ने इस दौरान कुछ जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही भी की। सीएम ने यह एक्शन आमजन की विभिन्न शिकायतों एवं आवेदनों के निराकरण की गहन समीक्षा के बाद की।
अधिकारियों को निर्देश किये जारी
साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने तलून स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरलाय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जिले के पहले मैथ्स पार्क के साथ आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब और स्मार्ट क्लास की व्यवस्थाएं देखीं।
किसानों की समस्याएं और सुझाव सुने
कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सीएम ने उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
नए घाट का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री ने नर्मदा नदी के पुराने घाट सरदार सरोवर बांध के कारण डूबने का उल्लेख करते हुए नए घाटों के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसके अलावा शहीद भीमा नायक महाविद्यालय में ऑनलाइन परीक्षा केंद्र शुरू करने की घोषणा भी की।