Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज यानी 25 नवंबर 2026 को कई महत्वपूर्ण गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक करने के साथ ही छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश के प्रतिभाशाली डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, कांग्रेस के नवनियुक्त सह प्रभारी हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल पहली बार रायपुर पहुंचेंगे। इसके अलावा बलौदाबाजार जिले में युवाओं को रोजगार देने के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। आइए जानते हैं छत्तीसगढ़ की आज की प्रमुख खबरें।
CM विष्णुदेव साय आज लेंगे विभागीय समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय स्थित महानदी भवन में विभिन्न विभागों की समीक्षा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक उच्च शिक्षा एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। विभागीय बैठकों के बाद मुख्यमंत्री एक निजी होटल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 समारोह में शामिल होंगे।
CM साय आज करेंगे डिजिटल क्रिएटर्स का सम्मान
छत्तीसगढ़ में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में प्रदेश के प्रतिभाशाली यूट्यूबर्स, इंस्टाग्रामर्स और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित करेंगे। इस समारोह में 16 मुख्य अवॉर्ड और 46 अलग-अलग उपश्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्रिएटर्स को पुरस्कार दिए जाएंगे। विजेताओं के लिए 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के 6 विजेता भी शामिल होंगे। वहीं, प्रसिद्ध डिजिटल क्रिएटर राज शमानी और आरजे शरत वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़ेंगे। समारोह में मनोरंजन और संस्कृति का विशेष संगम भी देखने को मिलेगा। भजन क्लबिंग के जरिए भक्ति और संगीत की प्रस्तुति होगी, जबकि बस्तर रैम्प वॉक के माध्यम से छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए सह प्रभारियों का पहला दौरा आज
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त सह प्रभारी हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल आज पहली बार रायपुर पहुंचेंगे। दोनों नेता दोपहर 3 बजे दिल्ली से रायपुर आएंगे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे गांधी मैदान जाएंगे। यहां आगामी संविधान रक्षा मार्च के आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही दोनों सह प्रभारी कल आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
बलौदाबाजार में आज रोजगार मेला, 220 पदों पर होगी भर्ती
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर है। बलौदाबाजार जिले में आज 25 नवंबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय परिसर में लगेगा। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न निजी कंपनियों में कुल 220 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार 9,000 रुपये से लेकर 45,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती और रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 07727-299443 पर संपर्क कर सकते हैं।