Bijapur News: बस्तर सिर्फ अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, घने जंगलों और खूबसूरत वादियों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभाओं के लिए भी जाना जाता है। शिक्षा से लेकर खेल के मैदान तक यहां के युवा अपनी मेहनत और हुनर का लोहा मनवा रहे हैं। इसी कड़ी में बीजापुर के तैराकों ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है।बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 में बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 30 पदक अपने नाम किए। इनमें 8 स्वर्ण, 14 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं।
छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, जीते कई पदक
बीजापुर जिले के युवा खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-19 छात्राओं ने द्वितीय स्थान, जबकि अंडर-14 छात्राओं ने तृतीय स्थान हासिल किया।अंडर-14 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सपना ने 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीते। वहीं अक्षय ने 1 रजत, सुभाष ने 1 कांस्य तथा तमन्ना ने 1 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं, अंडर-17 वर्ग में भी बीजापुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। बबलू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक हासिल किया। सरैया ने 1 रजत और 1 कांस्य, संदीप ने 1 कांस्य, रीता ने 3 रजत, जबकि गुंजन ने 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीता।
इसी वर्ग में रमादेवी ने 1 रजत और 1 कांस्य, जबकि साधना ने 1 रजत पदक अपने नाम किया।प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल करने वाले अंडर-19 वर्ग में साधना ने 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अक्षिता ने 1 स्वर्ण और 3 रजत पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के इस बेहतरीन प्रदर्शन से पूरे जिले और बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में खुशी की लहर है।
खिलाड़ियों की सफलता पर कलेक्टर समेत अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे सहित जिले के अन्य अधिकारियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को बधाई दी। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इसी तरह निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पाण्डेय, डीएमसी भवानी शंकर रेड्डी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास देवेन्द्र कुमार पटले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सुविधाएं और सही मार्गदर्शन मिले तो चमकती हैं प्रतिभाएं
इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक एवं मार्गदर्शक दीप्ति वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ तकनीकी प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया। वहीं, खिलाड़ियों ने भी निरंतर अभ्यास और कड़ी तैयारी के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया और जिले को गौरवान्वित किया।
यह उपलब्धि एक बार फिर बताती है कि यदि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन, पर्याप्त अवसर और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिले, तो वे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर सकते हैं।बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के तैराकों द्वारा जीते गए 30 पदक जिले के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि हैं और उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा भी हैं।