होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

LPG को लेकर प्रशासन अलर्ट: होटलों में घरेलू गैस के इस्तेमाल पर छापेमारी

LPG को लेकर प्रशासन अलर्ट: होटलों में घरेलू गैस के इस्तेमाल पर छापेमारी

अंतरराष्ट्रीय हालात और ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस की आपूर्ति और उपयोग को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी के चलते प्रदेश के कई जिलों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए ही किया जा सकता है, जबकि होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल सिलेंडर का ही उपयोग करना होगा।

रायगढ़ में होटलों और भोजनालयों की जांच

राज्य शासन के निर्देश के बाद रायगढ़ जिले में प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर एसडीएम महेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई होटल और ढाबों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान टीम ने आमंत्रण होटल, तुलसी होटल, राजस्थानी भोजनालय और गणगौर स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों में पहुंचकर गैस सिलेंडरों के उपयोग की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह देखा कि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कामों में तो नहीं किया जा रहा है।

नियमों की जानकारी देकर दी चेतावनी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को नियमों की जानकारी भी दी। उन्हें बताया गया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर केवल घरों में उपयोग के लिए निर्धारित हैं।

यदि किसी भी व्यवसायिक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पाया जाता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें।

गैस एजेंसियों की सप्लाई व्यवस्था पर भी नजर

अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने गैस एजेंसियों से भी जानकारी ली और जिले में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की दैनिक आवक और वितरण की नियमित निगरानी की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस को लेकर किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों का कहना है कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें और जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें।

बिलासपुर में भी हुई समीक्षा बैठक

इधर बिलासपुर जिले में भी गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों की बैठक लेकर जिले की सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर मिल रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घबराहट में आकर गैस का अतिरिक्त भंडारण न करें।

 


संबंधित समाचार