जबलपुर : मध्य प्रदेश सहित देशभर में इन दिनों कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। जहां श्रद्धालु अपनी क्षमता के अनुसार दूरी तय करके महादेव के प्रति अपनी भक्ति दर्शाते हैं। इसी कड़ी में आज जबलपुर में 121 किमी की कांवड़ यात्रा निकाली गई। जिसकी शुरुआत भेड़ाघाट के पंचवटी घाट पर विधि-विधान से पूजन के बाद हुई।
बांदकपुर में होगा समापन
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस पांच दिवसीय कांवड़ यात्रा में सैकड़ों कांवड़िए नर्मदा पूजन के बाद कांवड़ लेकर करीब 121 किलोमीटर की पदयात्रा पर रवाना हुए। यात्रा का समापन 24 अगस्त को दमोह जिले के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम बांदकपुर में होगा।
सुरक्षा को लेकर की गई व्यवस्थाएं
यात्रा की शुरुआत मध्यप्रदेश के पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने नर्मदा पूजन के साथ की। इसके बाद कांवड़ियों ने निर्धारित मार्ग पर पैदल यात्रा शुरू की। यात्रा के दौरान श्रद्धालु नर्मदा जल लेकर भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए बांदकपुर पहुंचेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
कांवड़ यात्री करेंगे वृक्षारोपण
इधर, यात्रा में शामिल हुए मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा केवल आस्था और भक्ति तक सीमित नहीं है बल्कि इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांवड़ यात्रियों द्वारा वृक्षारोपण किया जाएगा।
धार्मिक स्थलों के विकास का प्रयास जारी
मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कांवड़ यात्रा के मार्ग में जिन-जिन मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर यात्रा का पड़ाव होगा, उनके विकास की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।