मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर में उस वक़्त हड़कप मच गया जब एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। युवती का शव जब परिजनों ने फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए और आनन फानन में उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना मैहर के ग्राम पिपरा डोलनी की है।
कारण अज्ञात
बताया जा रहा है कि आत्महत्या के समय मृतका खुशी सेन घर पर अकेली थी और परिजन किसी काम से बाहर गए थे। वापस लौटे तो उनकी बेटी का शव उन्हें फंदे से लटका हुआ मिला। जांच के दौरान पुलिस को मौके पर किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस वजह से कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।
घर में अकेली थी युवती
घटना की जानकारी देते हुए मृतक युवती के माता पिता ने बताया कि सुबह 11 बजे वो काम से बाहर गए थे और दोपहर 2:30 बजे जब वे वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो युवती फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।
कार्रवाई जारी
पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल पुलिस दोस्तों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।