राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां नहाने के दौरान डूबने से 2 मासूम बच्चों सहित एक महिला की मौत हो गई। घटना ब्यावरा थाना क्षेत्र की है। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू
बताया जा रहा है कि ग्राम जगनियापुरा में गिट्टी क्रेशर मशीन के पीछे करीब 25 फीट गहरा गड्ढा पानी से लबालब था। जिसमे नहाने के लिए एक महिला और दो बच्चे उतर गए और गहराई में समां गए। जिसकी वजह से तीनों की मौके पर मौत हो गई। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एक घंटे की कड़ी मश्कत के बाद रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र का
जानकारी के अनुसार, बैरसिया के जम्मूसर कड़ैया गांव के रहने वाले दो बच्चे अपनी मां-बुआ के साथ नहाने गए थे। लेकिन गहराई ज्यादा होने की वजह से बच्चे डूबने लगे। जिसे बचाने का मां-बुआ ने प्रयास किया लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के चलते बुआ की मौत हो गई। जबकि मां किसी तरह बाहर निकली और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि परिवार कबाड़ बीनने और मजदूरी का काम करता था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू
थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दुखद हादसे में सायरा बाई (30), नेब्रेन पारधी (6) और निभ्रता पारधी (9) निवासी कड़िया की मौत हो गई। फिलहाल ब्यावरा सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।